रैली में शामिल होने जा रहे विधायक ठुकराल पर संतरे और शिक्षा मंत्री पांडे के काफिले पर फैंकी गयीं चूड़िया
ऐजाज हुसैन ब्यूरो चीफ उत्तराखंड

रूद्रपुर। भाजपा के रूद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल और गदरपुर विधायक व शिक्षा मंत्री को आज किसानों और कांग्रेसियों के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा। उधमसिंह नगर जिला मुख्यालय रूद्रपुर में गुस्साये किसानों और कांग्रेसियों ने जहां क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल के काफिले पर संतरे फैंके। वहीं गदरपुर के भाजपा विधायक और प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविन्द पाण्डे के काफिले पर गदरपुर में कांग्रेसियों ने चूड़िया फैंक कर अपना विरोध जताया।
उधमसिंह नगर जिला मुख्यालय रूद्रपुर में बाटा चौराहे के पास चल रहे किसान, कांग्रेस और आप कार्यकर्ताओं के धरना प्रदर्शन के सामने से कृषि बिल के समर्थन में भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल को ट्रैक्टर रैली ले जाना खासा महंगा पड़ गया। भड़के प्रदर्शनकारियों ने विधायक राजकुमार ठुकराल के काफिले पर एकाएक संतरों की बौछार कर दी। इससे पुलिस महकमे के साथ साथ राह चलते हुए लोगों में हड़कंप मच गया। यहां लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़कर भाजपा की रैली में शामिल ट्रैक्टर-ट्राली पर कब्जा कर लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा काले झंडे भी दिखाये गए। वहीं किसान रैली में प्रतिभाग करने जा रहे कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे को भी गदरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के रोष का सामना करना पड़ा। नगर के मुख्य मार्ग पर नैनीताल बैंक के समीप वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं मंडी समिति के पूर्व चेयरमैन प्रीत ग्रोवर एवं कांग्रेस नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अरोड़ा ने कैबिनेट मंत्री अरविन्द पांडे के काफिले पर चूड़ियां फेंककर विरोध जताया। गदरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा चूड़ियां फेंके जाने पर कैबिनेट मंत्री अरविन्द पांडे के वाहन चालक ने पहले तो वाहन को धीरे किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हरकत को देखकर उसने वाहन को आगे बढ़ा लिया। किसान बिल के समर्थन में भाजपा द्वारा आयोजित किसान रैली में सहभागिता करने जा रहे कैबिनेट मंत्री अरविन्द पांडे को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध की जरा भी भनक नहीं हो सकी। जबकि सोशल मीडिया में इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी वायरल हो गई, जिसको लेकर तमाम चर्चाओं का बाजार भी गर्म है।